गंगा एक्सप्रेसवे पूरब को पश्चिम से जोड़ने का कार्य करेगा : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
गंगा एक्सप्रेसवे पूरब को पश्चिम से जोड़ने का कार्य करेगा : पंकज चौधरी


हरदोई, 29 अप्रैल (हि.स.)। ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ के उद्घाटन के अवसर पर हरदोई में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी।

पंकज चौधरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह अत्याधुनिक ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ मेरठ से प्रयागराज तक 12 जनपदों को जोड़ते हुए प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी हिस्सों से जोड़ते हुए आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को गति देगा तथा लंबे समय से मौजूद क्षेत्रीय असंतुलन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और समन्वय में अभूतपूर्व सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि दंगा वालों ने तोड़ने का काम किया, गंगा वालों ने जोड़ने का काम किया।”उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे वास्तव में पूरब को पश्चिम से जोड़ने का कार्य करेगा और साथ ही विकास की अपार संभावनाएं भी लेकर आया है। गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन न केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना की शुरुआत है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास की एक नई कहानी की शुरुआत भी है।

श्री चौधरी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से प्रदेश में आवागमन अत्यंत सुगम, सुरक्षित और तीव्र हो जाएगा। इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और परिवहन लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसका सीधा लाभ आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों, उद्यमियों और किसानों को भी मिलेगा, जो अपने उत्पादों को कम समय में और कम लागत में बाजार तक पहुंचा सकेंगे। इससे प्रदेश की कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।

चौधरी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक परिदृश्य को बदलने वाली एक क्रांतिकारी पहल है। इसके माध्यम से प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने में बड़ी सफलता मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक आधारभूत संरचना के कारण देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए प्रेरित होंगे। इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

श्री पंकज चौधरी ने कहा कि यह परियोजना ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को साकार करने वाली है और ‘नए भारत’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आने वाले समय में प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और आने वाले वर्षों में और भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी, जिससे उत्तर प्रदेश देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं इस दिशा में मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story