गंगा एक्सप्रेसवे नए उत्तर प्रदेश की दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक : नन्दी
प्रयागराज, 28 अप्रैल (हि.स.)। औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे नए उत्तर प्रदेश की तेज रफ्तार, सशक्त सोच और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है। इसके उद्घाटन की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को मंत्री ने शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल 2026 का दिन प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की प्रगति का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते वर्षों में विकास की अभूतपूर्व गति हासिल की है। उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेसवे नेटवर्क के मामले में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है और गंगा एक्सप्रेसवे इस यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।
उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे से प्रयागराज के व्यापार, सेवा क्षेत्र और स्थानीय उद्योगों को नई रफ्तार मिलेगी। व्यापारियों, उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार एवं निवेश के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही पर्यटन और तीर्थ यात्रा को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि संगम नगरी प्रयागराज, जो आस्था, शिक्षा और इतिहास का संगम है, अब विकास की नई धारा का भी केंद्र बन रहा है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रयागराज का गौरव और अधिक सशक्त हो रहा है तथा भविष्य और उज्ज्वल बनने जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

