बांदा में 104वें श्री गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ
-विधि-विधान से हुई गणेश प्रतिमा की स्थापना बांदा
बांदा, 14 सितंबर (हि.स.)।
श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नूतन बाल समाज द्वारा आयोजित 104वें श्री गणेश महोत्सव का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई। महोत्सव के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
गणेश प्रतिमा स्थापना एवं पूजन में नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू ने मुख्य रूप से सहभागिता निभाई। उन्होंने भगवान श्री गणेश का पूजन-अर्चन कर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर नूतन बाल समाज के पदाधिकारियों, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक महाआरती में भाग लिया।
कार्यक्रम में संरक्षक अशोक कुमार अवस्थी, अशोक त्रिपाठी (जीतू), सभापति सुशील कुमार तिवारी, श्रीमती ज्योत्सना पुरवार, मंत्री निखिल सक्सेना, कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता, वीरेंद्र सक्सेना, समाजसेवी सुनील सक्सेना, सचिन चतुर्वेदी,अखिलेश कुमार शुक्ला, दीनदयाल सोनी, राजेश शुक्ला, रामप्रताप शुक्ला,अभय पांडे, राज बहादुर तिवारी,जयंत गोरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समिति की ओर से बताया गया कि 14 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस ऐतिहासिक महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं खेलकूद से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान पाई डंडा दिवारी, सांस्कृतिक संध्या, चित्रकला प्रतियोगिता, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़, भजन संध्या, आसन मलखंभ प्रदर्शन, कवि सम्मेलन, भाषण प्रतियोगिता, स्वास्थ्य शिविर, वॉलीबॉल प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, पारितोषिक वितरण, रात्रि जागरण तथा भव्य शोभायात्रा सहित अनेक आकर्षक कार्यक्रम होंगे।
नूतन बाल समाज ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने और कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

