गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस ने किया महापुरुषों को नमन, बांदा पुलिस लाइन में आयाेजन
बांदा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद किया।
एसपी पलाश बंसल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व कर पूरी दुनिया को प्रेरणा दी। वहीं, लालबहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की सेवा और सादगीपूर्ण जीवन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, स्वच्छता, समानता, न्याय और जनसेवा जैसे मूल्यों के लिए दोनों महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने आचरण और दैनिक कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रहित, जनसेवा, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पुलिस कार्यालय में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी पुलिसकर्मियों ने गांधी जी और लालबहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

