मथुरा : गांधी व शास्त्री जयंती पर केएम परिवार ने किया श्रमदान, स्वच्छता की दिलाई शपथ
मथुरा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के के.एम. विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने स्वच्छता की शपथ लेने के साथ-साथ परिसर में श्रमदान कर दोनों महान विभूतियों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं के.एम. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात मंचासीन मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, वेटरिनरी कॉलेज के डीन डॉ. अजय प्रकाश, एसएम रिर्चस सेंटर के डीन डॉ. अशोक कुमार, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार तथा मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. आर.पी. गुप्ता का पटुका पहनाकर स्वागत व सम्मान किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि किशन चौधरी ने कहा आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरवशाली और महत्वपूर्ण है। आज हम महात्मा गांधी की 157वीं और लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं पावन जयंती मना रहे हैं। दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह की शक्ति से देश को स्वाधीनता की मंजिल तक पहुँचाया। मनुष्य को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करके ही सफलता प्राप्त होती है। बिना लक्ष्य के जीवन पशु समान है। 84 लाख योनियों के बाद मिले इस दुर्लभ मानव जीवन को सिद्धांतों, नियमों और लक्ष्यों के साथ सार्थक बनाना चाहिए। बापू ने देश और समाज कल्याण के लिए आजीवन सीमित वस्त्र धारण किए। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अपने घर की ही तरह शिक्षण एवं कार्य संस्थानों को भी अपना मानकर साफ-सुथरा रखना हर नागरिक का दायित्व है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और निस्वार्थ सेवा के आदर्श आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे इन विचारों को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन और कार्य-व्यवहार में आत्मसात करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा और प्रेरणा मिल सके। मंच का संचालन एवं अध्यक्षता डा. अमित कुमार ने की।
कार्यक्रम का औपचारिक समापन सामूहिक स्वच्छता शपथ, वंदे मातरम और राष्ट्रगान के ओजस्वी गायन के साथ हुआ। इसके तुरंत बाद कुलाधिपति किशन चौधरी और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने करीब 25 एकड़ में फैले संपूर्ण परिसर में व्यापक स्तर पर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश देते हुए बापू एवं शास्त्री जी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर विश्वविद्यालय एवं अस्पताल की सभी फैकल्टी के डीन, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर, चिकित्सकों के साथ सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता दिखाई।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

