सहारनपुर से लखनऊ तक नकली दवा सप्लाई के कारोबार पर एफएसडीए का शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 02 सितंबर (हि.स.)। नकली दवाओं के खिलाफ उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की कार्रवाई में सहारनपुर से लखनऊ तक नकली दवा सप्लाई नेटवर्क की कड़ी सामने आई है। लखनऊ में नकली दवाओं की सप्लाई के मामले में एजाज के एफएसडीए की कार्रवाई के दायरे में आने के बाद उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर सहारनपुर के नागल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। सहारनपुर में कार्रवाई के दौरान दवाओं की पैकिंग से जुड़ा पूरा सेटअप मिला। तहखाने से स्ट्रिपिंग मशीन, बैच स्टीरियो, डाई पंच और प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल समेत बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद हुई। वहीं, लखनऊ में भी हुई एक अन्य कार्रवाई में दवाओं के खरीद-बिक्री अभिलेख, इनवॉइस और लेजर की जांच में लेवेरा-500 के दो बैच और राजकीय प्रयोगशाला की जांच में ‘प्रकृति से असली नहीं’ पाए गए। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एजाज की पूछताछ से खुला सहारनपुर कनेक्शन

सहारनपुर निवासी एजाज का नाम लखनऊ के अमीनाबाद थाने में दर्ज एफआईआर में भी है। उस पर सस्ती/नकली दवाओं की सप्लाई से जुड़े होने का आरोप है। विगत दिनों इसी मामले में लखनऊ एसओजी और पुलिस ने एजाज को लखनऊ में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में वह पूरे नेटवर्क की मुख्य कड़ी के रूप में सामने आया। जांच के अनुसार, एजाज इस नेटवर्क में अलग-अलग स्थानों से दवाओं और पैकिंग सामग्री की व्यवस्था कर संबंधित ठिकानों तक पहुंचाता था।

सहारनपुर में नकली दवा पैकिंग का ठिकाना मिला

सहारनपुर के ग्राम व पोस्ट कोटा, थाना नागल में एफएसडीए की कार्रवाई के दौरान एक मकान में दवाओं की पैकिंग से जुड़े सामान मिले। कमरे में 41 लुपिन और दो मैक्लिओड्स के कॉरुगेटेड बॉक्स पाए गए। इनके नीचे बने तहखाने में स्ट्रिपिंग मशीन, डिफकॉर्ट-6 की प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल, बैच स्टीरियो और विभिन्न डाई-पंच मिले। विनोद ने पूछताछ में बताया कि तहखाने में दवाओं की पैकिंग की जाती थी।

32.555 किलो दवा स्ट्रिप्स समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त

कार्रवाई में डिफकॉर्ट-6 की करीब 32.555 किलो स्ट्रिप्स, 973 प्रिंटेड कार्टन, रोसुुवास एफ-10 के 472 प्रिंटेड कार्टन, करीब 6.950 किलो पीली गोलियां और 4.900 किलो सफेद गोलियां मिलीं। इसके अलावा रोसुुवास एफ-10 और डिफकॉर्ट-6 की प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल तथा करीब 6.370 किलो सादा एल्युमिनियम फॉयल भी बरामद हुआ। सहारनपुर में दर्ज कराई गई एफआईआर में विनीत कुमार, प्रतीश कुमार, प्रेम मलिक, इश्तकार भाई, रहमान, अमित सेन, एजाज और उबैर के नाम अवैध नकली दवा कारोबार से जुड़े होने का उल्लेख है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story