फुटपाथ की झोपड़ी से उठी खुशियों की बारात, जरूरतमंद खुशबू के विवाह में आगे आईं समिति

WhatsApp Channel Join Now
फुटपाथ की झोपड़ी से उठी खुशियों की बारात, जरूरतमंद खुशबू के विवाह में आगे आईं समिति


औरैया, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए विचित्र पहल सेवा समिति ने शनिवार को आर्थिक रूप से कमजोर लोहा पीटो समुदाय की बेटी खुशबू के विवाह में भरपूर सहयोग प्रदान किया। इस पहल से जहां एक ओर जरूरतमंद परिवार को राहत मिली, वहीं विवाह के अवसर पर मायूस चेहरों पर मुस्कान लौट आई।

कानपुर रोड स्थित होटल जेके टावर के सामने फुटपाथ पर झोपड़ी बनाकर रहने वाले गंभीर और उनकी पत्नी पूजा अपने परिवार का भरण-पोषण लोहा पीटकर छैनी, खुरपी व अन्य औजार बनाकर करते हैं।

आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने अपनी पुत्री खुशबू के विवाह के लिए समिति से मदद की गुहार लगाई थी। समिति ने उनकी पुकार सुनते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

दरअसल खुशबू का विवाह 20 अप्रैल सोमवार को ग्राम दरार (पोस्ट पाचराई) निवासी इमलेश के साथ संपन्न होना है। विवाह से दो दिन पूर्व शनिवार को समिति के सदस्य खुशबू के झोपड़ी निवास पहुंचे, जहां उसका तिलक, माल्यार्पण व पुष्प वर्षा कर सम्मान किया गया।

इसके बाद समिति एवं जनसहयोग से खुशबू को खाद्य सामग्री आटा, चावल, दाल, गुड़, कपड़े, ज्वेलरी, सलवार सूट, स्टील बर्तन, बेडशीट, कुकर, चाय केतली, बाल्टी, कटोरी सेट, ट्रैवल बैग, श्रृंगार सामग्री सहित अनेक गृह उपयोगी सामान व आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

समिति की ओर से मिले सहयोग से परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों और गणमान्य नागरिकों ने इस पुनीत कार्य की सराहना की।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि संस्था की ओर से अब तक 70 जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग किया जा चुका है और खुशबू 71वीं बेटी है, जिसकी शादी में मदद की जा रही है।

संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि भविष्य में भी निराश्रित एवं जरूरतमंदों की सेवा निरंतर जारी रहेगी।

इस मौके पर महिला शाखा तुलसी “सखी ग्रुप” की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई, बबिता गुप्ता, एकता पुरवार, मंजू गुप्ता, अनीता गुप्ता, मधु बिश्नोई, प्रभा गहोई, मंगला शुक्ला, ऋचा गुप्ता (इटावा), रामकुमार गुप्ता, हिमांशु दुबे, राजू बिश्नोई, सतीश पोरवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story