फ्रेट कस्टमर मीटिंग में माल यातायात बढ़ाने व ग्राहक सुविधाओं पर हुआ विचार विमर्श
प्रयागराज, 29 जून (हि.स)। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में सोमवार को अकांशु गोविल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर की अध्यक्षता में कानपुर एरिया के फ्रेट कस्टमर्स, व्यापारियों एवं साइडिंग प्रतिनिधियों के साथ माल यातायात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे एवं फ्रेट ग्राहकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना, माल यातायात में वृद्धि करना तथा ग्राहकों के लिए प्रस्तुत समस्याओं एवं सुझावों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा करना था। साथ ही रेलवे द्वारा संचालित विभिन्न इंसेटिव स्कीम्स, नवीन व्यावसायिक नीतियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक ग्राहकों को उनका लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों द्वारा ग्राहकों को रेलवे की विभिन्न माल परिवहन सुविधाओं, प्रोत्साहन योजनाओं, माल ढुलाई प्रक्रियाओं के सरलीकरण, लोडिंग एवं अनलोडिंग सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं तथा व्यवसाय विकास से संबंधित विभिन्न पहलों की जानकारी दी गई। उपस्थित फ्रेट ग्राहकों एवं साइडिंग प्रतिनिधियों से सुझाव एवं समस्याएं आमंत्रित कर उन पर चर्चा की गई। कई सुझावों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए तथा शेष विषयों को संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किए जाने का आश्वासन दिया गया।
पीआरओ ने बताया कि अकांशु गोविल ने कहा कि भारतीय रेल अपने फ्रेट ग्राहकों को सुरक्षित, समयबद्ध, विश्वसनीय एवं किफायती माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी ग्राहकों से रेलवे की प्रोत्साहन योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा रेलवे के साथ दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी को और सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि बैठक में रेलवे की ओर से अकांशु गोविल, पवन कुमार, एस.के. मीना, ज्ञान प्रकाश, अमित वर्मा, इन्द्राज मीना, के.डी. मीना सहित कानपुर एरिया के सभी गुड्स डिपो प्रभारी, निरीक्षक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे। फ्रेट ग्राहकों एवं साइडिंग प्रतिनिधियों की ओर से रेनू अग्रवाल, रणंजय सिंह, भीम भूषण, प्रोमित आध्य, अनिल कनोजिया, संजय सिंह, अनिल डालमिया, दीपक सिंह, संदीप सिंह एवं ज्ञानेश मिश्रा, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सहित अनेक प्रमुख फ्रेट ग्राहक एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

