जटाशंकर में 17 मार्च को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, मेदांता के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे परामर्श

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 16 मार्च (हि.स.)। समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ तथा गोरखपुर सिंधी यूथ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मंगलवार, 17 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कल्याण पैलेस, जटाशंकर, गोरखपुर में आयोजित होगा।

इस स्वास्थ्य शिविर में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. हिमांशु शेखर पांडेय अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ उपस्थित रहेंगे और मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगे। शिविर में आने वाले लोगों को विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी महत्वपूर्ण सलाह दी जाएगी।

इस संबंध में युवा सिंधी समाज, गोरखपुर के महामंत्री देवा केशवानी ने साेमवार काे बताया कि समाज सेवा की भावना से प्रेरित होकर इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों को देखते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना अत्यंत आवश्यक हो गया है और ऐसे शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समय रहते रोगों की पहचान में भी सहायक सिद्ध होते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सिंधी समाज सदैव सामाजिक सरोकारों और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। देवा केशवानी ने शहर के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाएं।

शिविर के दौरान मरीजों की कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी। इनमें ईसीजी , आरबीएस यानी ब्लड शुगर जांच, पीएफटी यानी फेफड़ों की कार्यक्षमता जांच, बीएमडी यानी हड्डियों की घनत्व जांच, नेत्र परीक्षण तथा दंत जांच शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि इस पहल के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ और जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story