निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 307 मरीजों का परीक्षण
शिविर में डिजिटल एक्स-रे, रक्त जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं दवाइयों की निःशुल्क सुविधा से लाभान्वित हुए क्षेत्रवासी
मुरादाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। मानव सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास मुरादाबाद द्वारा बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में रविवार को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिद्ध हॉस्पिटल, मुरादाबाद के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। 307 लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें दवाई दी गई। शिविर में एक अत्याधुनिक मेडिकल वैन भी उपलब्ध रही, जिसमें डिजिटल ई सी जी, एक्स-रे तथा रक्त जांच की आधुनिक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीपक कुमार (जिला प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), समाजसेवी नकुल प्रताप सिंह तथा सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने भगवान महावीर स्वामी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर के सफल संचालन हेतु सेवा न्यास के सचिव नमन जैन, शिविर संयोजक सम्भव जैन, अमन जैन एडवोकेट, तथा बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल के डायरेक्टर-प्रिंसिपल राजीव कुमार गुप्ता एवं वाइस प्रिंसिपल गौरव मेधावृत एवं फाॅर्मेसी हेड नागेश कुमार के निर्देशन में सात अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने चिकित्सकों के स्वागत, मरीजों के पंजीकरण, एक्स-रे एवं रक्त जांच, बीएमआई एवं बीएमडी परीक्षण, दवा वितरण, अतिथि सत्कार तथा अन्य सभी व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित संचालन किया। उत्कृष्ट प्रबंधन के कारण शिविर पूरे समय अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हुआ।
शिविर में काॅर्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, नवजात एवं शिशु रोग, तथा जनरल फिजिशियन सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

