औरैया में राहगीरों को राहत देने निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ
औरैया, 24 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में भीषण गर्मी से जूझ रहे राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा शुक्रवार को दिबियापुर रोड स्थित लोहा मंडी में श्री भगवान एंड संस के प्रतिष्ठान पर निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संरक्षक भगवान पोरवाल ने राहगीरों को मिष्ठान वितरित कर एवं मटके का शीतल जल पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन है” और गर्मी के मौसम में इस प्रकार की पहल से लोगों को बड़ी राहत मिलती है। कार्यक्रम संयोजक राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि दिबियापुर रोड पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था न होने से राहगीरों, विशेषकर महिलाओं, छात्र-छात्राओं, ऑटो व ई-रिक्शा चालकों तथा बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस प्याऊ के माध्यम से न केवल राहगीरों बल्कि आसपास के छोटे दुकानदारों, ठेले पर फल-सब्जी बेचने वालों को भी ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम में समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता (एडवोकेट) लोहा व्यवसायी रामकुमार पोरवाल, चिकित्सक एल.एन. गुप्ता, यश पोरवाल, सनी, अमित पोरवाल, चंदन, हिमांशु दुबे, मनोज गुप्ता (एडवोकेट), रामचंद्र सोनी, विनोद पोरवाल सहित लोहा मंडी के अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

