यूडीआईडी कार्ड पर रोकी जा रही निशुल्क यात्रा, दिव्यांगों ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
यूडीआईडी कार्ड पर रोकी जा रही निशुल्क यात्रा, दिव्यांगों ने जताई नाराजगी


कानपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यूडीआईडी कार्ड होने के बावजूद बसों में निशुल्क यात्रा से वंचित किए जाने पर दिव्यांगजनों में आक्रोश बढ़ रहा है। परिचालकों द्वारा स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता बताकर उन्हें बसों से उतारा जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन समस्या समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने इसे सीधा उत्पीड़न बताते हुए तत्काल समाधान की मांग उठाई। स्मार्ट कार्ड बनने तक यूडीआईडी कार्ड से निशुल्क यात्रा जारी रखी जाए। यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कही।

शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंटर पार्क में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के समस्या समाधान शिविर में 28 दिव्यांगजनों ने परिवहन निगम की इस व्यवस्था के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं कुल 142 दिव्यांगों ने पेंशन, उत्पीड़न, आवास, रेलवे यूनिक कार्ड और ऋण जैसी समस्याएं भी रखीं।

वीरेन्द्र कुमार ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर स्मार्ट कार्ड व्यवस्था की पूरी जानकारी मांगी है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि शहर में विशेष कैंप लगाकर सभी दिव्यांगों के स्मार्ट कार्ड बनाए जाएं, ताकि उन्हें बार-बार परेशान न होना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि परिचालकों द्वारा स्मार्ट कार्ड के नाम पर दिव्यांगजनों को परेशान किया जाता रहा, तो राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उनका कहना है कि जब तक सभी पात्र लोगों को स्मार्ट कार्ड जारी नहीं हो जाते, तब तक यूडीआईडी कार्ड से मिलने वाली निशुल्क यात्रा सुविधा समाप्त नहीं की जानी चाहिए।

शिविर में जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविंद सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गौरव कुमार और रंजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story