फर्रुखाबाद: सिख लाइट रेजिमेंट फतेहगढ़ में अग्निवीर भर्ती 27 अगस्त से

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: सिख लाइट रेजिमेंट फतेहगढ़ में अग्निवीर भर्ती 27 अगस्त से


फर्रुखाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में फतेहगढ़ स्थित सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंटल सेंटर में अग्निवीर बनने का मौका मिलने जा रहा है। यहां 27 अगस्त से 03 सितंबर तक अग्निवीर रिलेशनशिप भर्ती प्रक्रिया चलेगी। इसमें सैनिकों के संबंधियों, पूर्व सैनिकों के पुत्र या सगे भाई के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों और संगीत वाद्ययंत्रों में दक्ष अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे। भर्ती में देश के किसी भी प्रदेश और जाति के पात्र अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा।

भर्ती बोर्ड के अधिकारियों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 27 अगस्त को अग्निवीर जीडी से होगी। 28 अगस्त को क्लर्क और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। ट्रेड्समैन में सपोर्ट स्टाफ, वाशरमैन, स्टूवर्ड, म्यूजिशियन, आर्टिजन मिस वर्क्स, शेफ, हाउस कीपर और मेस कीपर शामिल हैं। 29 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षण में चयनित म्यूजिशियन अभ्यर्थियों की संगीत कौशलता जांची जाएगी। 30 अगस्त को अग्निवीर जीडी स्पोर्ट्समैन के ट्रायल होंगे और ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों की भर्ती 31 अगस्त को होगी। चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण 01 से 03 सितंबर तक कराया जाएगा।

रिलेशनशिप सर्टिफिकेट के नियम अलग-अलग

अग्निवीर जीडी और क्लर्क श्रेणी में सैनिक संबंधी अभ्यर्थियों के लिए रिलेशनशिप सर्टिफिकेट अनिवार्य है। क्लर्क पद के लिए केवल सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट का रिलेशनशिप सर्टिफिकेट मान्य होगा। उत्कृष्ट खिलाड़ी अग्निवीर जीडी की भर्ती में बिना रिलेशनशिप सर्टिफिकेट के भी शामिल हो सकते हैं। सभी श्रेणियों के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच होनी चाहिए।

खिलाड़ियों के लिए प्रमाणपत्र की जांच जरूरी

स्पोर्ट्समैन कोटा में केवल राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। संबंधित खेल का प्रमाणपत्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त खेल महासंघ की ओर से जारी होना चाहिए। प्रमाणपत्र की वैधता दो वर्ष तक होगी। सत्यापन के बाद ही खिलाड़ी को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

शरीर पर टैटू बनेगा भर्ती में अड़चन

अभ्यर्थियों के शरीर पर धार्मिक चिन्ह और नाम के अलावा किसी अन्य प्रकार का टैटू या नाम गुदा होने पर पात्रता नहीं होगी। बाजू के निचले हिस्से, कोहनी से हाथ तक तथा हाथ पर निर्धारित धार्मिक चिन्ह या नाम के अतिरिक्त कोई निशान होने पर अभ्यर्थी को भर्ती के लिए अयोग्य माना जाएगा।

भर्ती में पहुंचने से पहले दस्तावेज की कर लें जांच

अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी के प्रमाणपत्र और निर्धारित दस्तावेजों के साथ तय समय पर रेजिमेंटल सेंटर पहुंचना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story