फर्रुखाबाद: रक्षाबंधन पर घुटने तक भरे बाढ़ के पानी से होकर भाइयों के घर राखी बांधने पहुंच रहीं बहनें

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: रक्षाबंधन पर घुटने तक भरे बाढ़ के पानी से होकर भाइयों के घर राखी बांधने पहुंच रहीं बहनें


फर्रुखाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में रक्षाबंधन का पर्व मनाने के लिए मायके पहुंचने की चाहत में बहनों को बाढ़ के पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। यहां अमृतपुर थाना क्षेत्र के मंझा मड़ैया गांव जाने वाले रास्ते पर करीब चार फीट पानी भरा है। चारों ओर बाढ़ का पानी होने के बावजूद ग्रामीणों को नाव की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में ससुराल से मायके पहुंची बहनों को पानी में उतरकर रास्ता तय करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार शासन की ओर से प्रत्येक बाढ़ प्रभावित गांव के लिए दो-दो नाव उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन मंझा मड़ैया जाने वाले रास्ते पर मौके नाव उपलब्ध नहीं है, इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

रक्षाबंधन के चलते बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके पहुंच रही हैं, लेकिन बाढ़ ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मैनपुरी निवासी संध्या, विनीता, नेहा समेत अन्य बहनों ने बताया कि वे भाइयों को राखी बांधने के लिए दो दिन पहले ही मायके आ गई थीं। उन्हें अंदाजा नहीं था कि गांव में इतना अधिक बाढ़ का पानी भर जाएगा।

इस संबंध में थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस बाढ़ के पानी से गुजरने वाले लोगों को रोक रही है। अन्य साधन के लिए प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story