लेखपाल संघ के दूसरी बार सचिन बने जिलाध्यक्ष, कई पदों पर निर्विरोध जीते पदाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
लेखपाल संघ के दूसरी बार सचिन बने जिलाध्यक्ष, कई पदों पर निर्विरोध जीते पदाधिकारी


फर्रुखाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में यूपी लेखपाल संघ के द्विवार्षिक चुनाव में सचिन मिश्रा ने लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। अपनी नेतृत्व क्षमता और संगठन में अपनी पकड़ के बीच हुए इस चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी डॉ. अजय कुमार सिंह को 20 मतों से पराजित किया। वहीं, जिलामंत्री पद के लिए तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ।

गुड़गांव देवी मंदिर स्थित एक गेस्ट हाउस में लेखपाल संघ का द्विवार्षिक चुनाव बुधवार काे संपन्न हुआ। जिलाध्यक्ष पद के लिए सचिन मिश्रा और डॉ. अजय कुमार सिंह के बीच मुकाबला रहा। मतगणना के बाद सचिन मिश्रा को विजयी घोषित किया गया। उन्होंने 20 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।

जिलामंत्री पद के चुनाव में तीन प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की। इसमें अनुभव पाण्डेय को 70 मत मिले, जबकि पवन यादव को 50 और हिमांशु गुप्ता को 47 मत प्राप्त हुए। इस तरह अनुभव पाण्डेय ने सर्वाधिक मत प्राप्त कर जिलामंत्री पद पर जीत हासिल की। जबकि संघ के अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। इससे संगठन के शेष पदों पर सहमति के आधार पर प्रतिनिधियों का चयन किया गया।

पर्यवेक्षकों की देखरेख में संपन्न हुआ चुनाव

चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने कानपुर मंडल के खंड मंत्री विकास सचान, कानपुर जनपद के जिलाध्यक्ष मोहित सचान और जिलामंत्री सुजीत कुशवाहा को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। उनके नेतृत्व में चुनाव संपन्न कराया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद दीक्षित भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story