फर्रुखाबाद: बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बनी चिंतामणि सुंदरकांड पाठ समिति, बांटी राहत सामग्री

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बनी चिंतामणि सुंदरकांड पाठ समिति, बांटी राहत सामग्री


फर्रुखाबाद, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सामाजिक संस्थाएं आगे आकर मानवता की मिसाल पेश कर रही हैं। इसी क्रम में श्री चिंतामणि सुंदरकांड पाठ समिति की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रतनपुर ग्राम में बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया गया।

समिति के अध्यक्ष बृज किशोर सिंह ने बताया कि बाढ़ के कारण रतनपुर के ग्रामीणों के घरों में पानी भर गया है और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी हो गई है। इसको देखते हुए समिति के द्वारा एवं सदस्यों ने आपसी सहयोग से राहत सामग्री एकत्र कर पीड़ितों तक पहुंचाने का निर्णय लिया।

वितरित की गई राहत किट में चावल, अरहर की दाल, सत्तू, नमक, सरसों का तेल, नहाने व कपड़े धोने का साबुन, मोमबत्ती, माचिस, दंत मंजन सहित दैनिक उपयोग की सभी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। समिति के सदस्यों ने घर-घर जाकर पीड़ित परिवारों को यह सामग्री सौंपी।

राहत वितरण के दौरान समिति के सदस्य घनश्याम बाजपेई, कमलेश दीक्षित, प्रशांत सिंह, चंदन शुक्ला, अनुपम तिवारी, सौरभ सिंह, सार्थक सोमवंशी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। राहत सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष दिखा और उन्होंने समिति के इस सराहनीय व पुनीत कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Share this story