जिलाधिकारी और एसपी ने जिला एवं केंद्रीय कारागार का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखीं

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी और एसपी ने जिला एवं केंद्रीय कारागार का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखीं


फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जिला जज और पुलिस अधीक्षक के साथ बुधवार को जिला कारागार एवं केंद्रीय कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई की स्थिति परखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल चिकित्सालय पहुंचकर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बीमार बंदियों को समय से उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इसके बाद अधिकारियों ने पुरुष और महिला बंदियों की बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी। बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखी और जेल प्रशासन को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने तथा उसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जेल में निरुद्ध बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और उन्हें नियमानुसार सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य, भोजन और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिला जज, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story