फर्रुखाबाद: तहसील बार एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजीव सिंह चौहान ने पर्चा वापस लिया,रामेन्द्र कटियार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: तहसील बार एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजीव सिंह चौहान ने पर्चा वापस लिया,रामेन्द्र कटियार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित


फर्रुखाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में तहसील सदर बार एसोशिएशन चुनाव मंगलवार को रोचक मोड़ पर आ गया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजीव सिंह चौहान ने पर्चा वापस ले लिया, जिससे रामेंद्र कटियार उर्फ रामू का निर्विरोध अध्यक्ष होना तय हो गया है। वहीं सदस्य पर दो सदस्यों ने पर्चा वापस लिया है।

तहसील सदर बार एसोशिएशन चुनाव में पर्चा वापसी के दिन आज चुनाव उस वक्त रोचक हो गया जब अध्यक्ष पद के दो दावेदारों में प्रत्याशी राजीव सिंह चौहान ने अपना पर्चा वापस ले लिया। अब इस चुनाव मैदान में दूसरे दावेदार के रूप में रामेंद्र कटियार उर्फ रामू बचे हैं। राजीव सिंह चौहान के नामांकन वा लिए जाने से अब रामेन्द्र कटियार का अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।

वहीं चुनाव में नौ सदस्यों में दो सदस्य पद प्रत्याशियों में शिव मंगल सिंह व संजय कटियार ने अपना पर्चा वापस ले लिया है। अब सदस्य पद के लिए सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। अब इन सभी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। जबकि सचिव पद पर कांटे की टक्कर बताई जा रही है, जिसमें ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू व रविनेश चंद्र यादव आमने सामने हैं।

तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव में संयुक्त सचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है। जिसमें अमित यादव, हेमराज सिंह, अतुल शाक्य प्रत्याशी हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए राजीव यादव व जगवीर कुशवाह चुनाव लड़ रहे हैं। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए विकास सक्सेना व होशियार सिंह यादव के बीच मुकाबला है। कोषाध्यक्ष पद के लिए सुनील कुमार सक्सेना व राजेश कुमार वर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। आडिटर और पुस्तकालय के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन कराया था, जिसके चलते दोनों प्रत्याशियों उमेश कुमार सारस्वत व संतोष कुमार राजपूत का निर्विरोध होना तय है।

चुनाव अधिकारी उमाशंकर कटियार ने बताया कि तहसील बार एसोसिएशन चुनाव में राघव शुक्ला, अरविंद कुमार, अभिनय गुप्ता, रुकमंगल सिंह, सुधीर सक्सेना, मनोज यादव, सर्वेश कुमार सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए रामेंद्र कटियार उर्फ रामू का निर्विरोध निर्वाचन भी तय हो गया है।

तहसील बार एसोशिएशन चुनाव में रामेंद्र कटियार के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने पर ओम प्रकाश दुबे, अनूप कटियार, विपिन यादव दिलीप कश्यप, स्वदेश दुबे, अतुल मिश्रा, अनुपम राजपूत, विकास सक्सेना, रविनेश यादव आदि ने बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Share this story