दूसरी जमीन का एग्रीमेंट कर 23.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी, छह के खिलाफ एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कोतवाली पुलिस ने दूसरी जमीन का एग्रीमेंट कर 23 लाख 20 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में तीन सगे भाइयों समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भगौती कॉलोनी हरईपुर निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि जहांगीराबाद निवासी आगा अली ,आगा हसन ,आगा हुसैन मिर्जा, आगा जिशान, आगा फैजान और इमरान अब्बास मिर्जा ने दूसरी जमीन का एग्रीमेंट कर उनसे कुल 32 लाख रुपये लिए थे। पांच लाख रुपये जमीन की रजिस्ट्री के समय दिए जाने थे।तहरीर के अनुसार बाद में एसडीएम न्यायालय में चले एक मुकदमे के समझौते में उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति के हिस्से में चली गई। इस पर वीरेंद्र कुमार सिंह ने आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने कुछ रकम वापस कर दी, लेकिन 23 लाख 20 हजार रुपये अभी भी बकाया हैं।वीरेंद्र कुमार सिंह का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना सरायपोख्ता चौकी प्रभारी को सौंपी है।इस संबंध में गुरुवार को जानकारी लेने पर चौकी इंचार्ज राहुल रंजन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story