डीडीयू विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम का चयन संपन्न, बिलासपुर में दिखाएगी दमखम

WhatsApp Channel Join Now
डीडीयू विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम का चयन संपन्न, बिलासपुर में दिखाएगी दमखम


डीडीयू विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम का चयन संपन्न, बिलासपुर में दिखाएगी दमखम


गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम का विधिवत ट्रायल और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया है। चयनित टीम आगामी अक्टूबर माह में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में पहली बार सहभागिता करने जा रही विश्वविद्यालय की महिला खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।

टीम के गठन के लिए विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रांगण में चयन ट्रायल आयोजित किया गया था। इसमें विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, खेल कौशल, तकनीकी दक्षता, टीम भावना और मैदान पर प्रदर्शन का बारीकी से परीक्षण किया गया। क्रीड़ा परिषद के सदस्यों की देखरेख में हुए ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।

निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन के लिए बाह्य विशेषज्ञ के रूप में शिवानंद सिंह ने रेफरी की भूमिका निभाई। चयन प्रक्रिया के दौरान प्रो. विजय चहल, प्रो. आमोद कुमार राय, प्रो. राजवीर सिंह, डॉ. अपर्णा पांडेय, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. अखिल मिश्र, डॉ. मनीष कुमार और डॉ. ओ.पी. सिंह सहित क्रीड़ा परिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से घोषित 14 सदस्यीय टीम में मुख्य परिसर के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी स्थान दिया गया है। टीम में भटनी, कौड़ीराम, देवरिया और गोरखपुर के सुदूर ग्रामीण अंचलों के महाविद्यालयों की छात्राएं भी शामिल हैं। इससे विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभाओं को व्यापक मंच मिलने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

टीम का मैनेजर प्रो. विजय चहल को बनाया गया है। चयनित खिलाड़ियों के लिए बिलासपुर में होने वाली प्रतियोगिता महज एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और गोरखपुर की खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से विश्वविद्यालय में महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने और अन्य छात्राओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित होने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय परिवार और क्रीड़ा परिषद ने चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। क्रीड़ा परिषद का मानना है कि नियमित अभ्यास, अनुशासन, सामूहिक प्रयास और आत्मविश्वास के साथ टीम राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रदर्शन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story