हौदी में गिरने से चार वर्षीय मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हौदी में गिरने से चार वर्षीय मासूम की मौत


नोएडा, 01 अगस्त (हि.स.)। थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर-123 स्थित पर्थला गोलचक्कर के पास झुग्गी बस्ती में पानी से भरी हौदी में गिरने से चार वर्षीय मासूम की आज मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चार वर्षीय फिरोज आलम उर्फ गोलू के रूप में हुई है। उसके परिजन सीतापुर के अटरिया के रहने वाले हैं। परिवार वर्तमान में सेक्टर-123 स्थित पर्थला गोलचक्कर के पास झुग्गी बस्ती में रहकर मजदूरी करता है।

थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मासूम बच्चा खेलते-खेलते झुग्गी के पास बनी पानी से भरी हौदी के करीब पहुंच गया। खेलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह हौदी में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। झुग्गी बस्ती में भी शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

उन्होने बताया कि मामले में थाना सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि जिस स्थान पर हौदी बनी थी, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story