विद्युत करंट की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत करंट की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मौत


विद्युत करंट की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मौत


अमेठी, 12 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पुन्नपुर गांव के धरौली मजरे में बुधवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा खाना खाने के लिए रसोईघर की ओर जा रहा था। रसोई में लगे लोहे के दरवाजे में करंट उतर रहा था। दरवाजा खोलते ही बच्चा बिजली की चपेट में आ गया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धरौली निवासी शिवकुमार जायसवाल का पुत्र दिव्यांश उर्फ अंश (4) खाना खाने के लिए रसोईघर की ओर गया था। जैसे ही उसने रसोई में लगा लोहे का दरवाजा खोला, उसमें पहले से उतरे करंट की चपेट में आ गया। बिजली का झटका इतना तेज था कि मासूम की हालत गंभीर हो गई। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो रसोई के दरवाजे के पास बिजली का कटा हुआ तार लटकता मिला। परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से दिव्यांश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार दिव्यांश की मां का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी देखभाल बड़ी मम्मी और दादी करती थीं। वह खाना खाने जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची संग्रामपुर पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने तत्काल मासूम के शव को कब्जे में लिया। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story