चार हजार लोगों ने पांच किमी. योग जागरूकता रैली में लिया हिस्सा, विधायक व जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
उरई, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें(21 जून) से पहले शनिवार
को जनपद मुख्यालय उरई में योग के प्रति अभूतपूर्व जनउत्साह देखने को मिला। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर उतरकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करते नजर आए। करीब चार हजार लोगों ने टाउन हॉल से चौक, घंटाघर और रेलवे स्टेशन मार्ग होते हुए पांच किलोमीटर लंबी भव्य जनजागरूकता रैली निकाली।
रैली का शुभारंभ सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने टाउन हॉल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागी योग से संबंधित संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे, जहां नागरिकों ने उनका स्वागत किया।
रैली की खास बात यह रही कि उरई नगर के प्रत्येक वार्ड से 100 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।
प्रतिभागियों ने करें योग, रहें निरोग, स्वस्थ जीवन का आधार-योग और हर घर योग, हर दिन योग जैसे नारे लगाए। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हीं के कारण योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि इतनी बड़ी सहभागिता दिखाती है कि जनपद में योग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने योग को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की और 21 जून को होने वाले सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

