बारिश से चार कच्चे मकान ढहे, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से चार कच्चे मकान ढहे, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा


हमीरपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार शाम मौदहा कस्बे और आसपास के इलाकों में चार कच्चे मकान भरभरा कर गिर गए। इस प्राकृतिक आपदा में पीड़ितों का अनाज, भूसा और गृहस्थी का भारी सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया है। हालांकि, घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। शासन के निर्देशों पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन शुरू कर दिया है।

मकान गिरने की घटनाएं मौदहा कस्बे और कोतवाली क्षेत्र के मंकरांव गांव में हुईं। मंकरांव निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र ज्वाला प्रसाद का कच्चा मकान अचानक गिर जाने से मलबे के नीचे लगभग 20 कुंतल भूसा, खाद्यान्न व अन्य सामान दब गया। इसके अलावा, मौदहा कस्बे के ब्लाक वार्ड निवासी अजय पुत्र भूरेलाल, कुम्हरौड़ा निवासी अनिल कुमार पुत्र मुल्लू और हैदरिया मोहल्ला निवासी जावेद पुत्र अब्दुल सलाम के कच्चे मकान भी बारिश की भेंट चढ़ गए। इन तीनों परिवारों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। मंकरांव गांव में लेखपाल कमलेश कुमार और कस्बे में लेखपाल अवनीश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। लेखपालों ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया है कि क्षति रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर नियमानुसार जल्द से जल्द सरकारी सहायता व मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। एसडीएम करण वीर सिंह ने बताया कि लेखपालों से स्थलीय जांच कराई गई है। दैवीय आपदा से पीडितों को नियमानुसार सहायता मुहैया कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story