जौनपुर में बनेंगे चार लघु सेतु और पहुंच मार्ग, सरकार ने मंजूर किए 2.75 करोड़
जौनपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या दूर होने की उम्मीद जगी है। बरसात में नालों के उफान और जलभराव से प्रभावित होने वाले रास्तों पर चार लघु सेतु और उनसे जुड़े पहुंच मार्ग बनाए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने इन कार्यों के लिए 275.50 लाख रुपये यानी करीब 2.75 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
लोक निर्माण विभाग के लोक निर्माण अनुभाग-6 की ओर से पांच सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुसार, चारों कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 55.09 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित क्षेत्रों में निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। स्वीकृत कार्यों में राजापुर इटायें डेडारपुर में पानी की टंकी के पास नाले पर 2×5×4 मीटर बाक्स कलवर्ट और पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है। इसकी अनुमानित लागत 51.06 लाख रुपये है। ग्रामसभा सुल्तानपुर में उत्तरगांव-बिहरोजपुर नाला पर बिहरोजपुर में 2×4×4 मीटर स्पान पुलिया, पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग के निर्माण पर 62.26 लाख रुपये खर्च होंगे।
इसी ग्रामसभा में उत्तरगांव-सुल्तानपुर नाले पर 4×4×4 मीटर बाक्स कलवर्ट तथा पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इस कार्य की लागत 108.01 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, विकासखंड जलालपुर में विभनमऊ मार्ग पर मौर्या बस्ती, यादव बस्ती और जूनियर हाईस्कूल के पास नाले पर 2×5×5 मीटर बाक्स कलवर्ट एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसकी लागत 54.17 लाख रुपये है।
इन पुलों के निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। बरसात में नालों का जलस्तर बढ़ने पर कई रास्तों पर आवागमन बाधित हो जाता है। इस संबंध में बूुधवार को जफराबाद के विधायक एवं पूर्व मंत्री जगदीश नारायण राय ने स्वीकृति पर प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़क के साथ पुल-पुलिया का निर्माण भी जरूरी है। लघु सेतु बनने से ग्रामीणों को पानी कम होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और आवागमन सुगम होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

