लखनऊ अग्निकांड के बाद औरैया में प्रशासन सख्त, चार लाइब्रेरी सील

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ अग्निकांड के बाद औरैया में प्रशासन सख्त, चार लाइब्रेरी सील


औरैया, 24 जून (हि. स.)। लखनऊ में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के तिलक नगर क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर चार लाइब्रेरी एवं कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

एसडीएम सदर अजय आनंद वर्मा के नेतृत्व में चले अभियान में सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह व उनकी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने कोचिंग संस्थानों के लाइसेंस, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की।

निरीक्षण के दौरान कुल आठ कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों की जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी पाए जाने पर ब्रह्म लाइब्रेरी, गुरुकुल लाइब्रेरी, यशस्वी लाइब्रेरी और संकल्प एकेडमी को सील कर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बिना मानकों के संचालित होने वाले संस्थानों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। संचालकों को अग्निशमन विभाग के नियमों का पालन करने, पर्याप्त सुरक्षा उपकरण लगाने और भवनों में सुरक्षित निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लखनऊ समेत अन्य शहरों में कोचिंग संस्थानों में आग लगने की घटनाओं के बाद प्रशासन की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों और शैक्षणिक संस्थानों की जांच जारी रहेगी तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story