ट्रेन की चपेट में आने से मां और तीन मासूम बेटियों की मौत
बाराबंकी, 13 नवंबर (हि.स.)।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर के पास शुक्रवार शाम को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों की शिनाख्त कराई।
मृतकों की पहचान बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के बिकौलिया गांव निवासी रामतेज पाल की पत्नी किरन देवी पाल (39) तथा उनकी तीन बेटियों कनिष्का (7), अनुष्का (7) और काव्या (5) के रूप में हुई है। कनिष्का और अनुष्का जुड़वा बहनें थीं। परिवार वर्तमान में बाराबंकी के गांधी नगर स्थित होली बाबा मंदिर के पास रह रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किरन देवी का इलाज चल रहा था। लगातार बीमारी और शारीरिक कमजोरी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया चारों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही जीआरपी और रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। एक ही परिवार की मां और तीन मासूम बेटियों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

