सीएसजेएमयू में बनेगा प्रदेश का पहला फिजियोथेरेपी पुनर्वास केंद्र, निर्माण कार्य का हुआ भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू में बनेगा प्रदेश का पहला फिजियोथेरेपी पुनर्वास केंद्र, निर्माण कार्य का हुआ भूमि पूजन


कानपुर, 14 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में गुरुवार को फिजियोथेरेपी पुनर्वास केंद्र की स्थापना के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रदेश के किसी भी विश्वविद्यालय में बनने वाला यह पहला फिजियोथेरेपी पुनर्वास केंद्र होगा, जिसके निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 19.73 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। केंद्र में आम नागरिकों को आधुनिक फिजियोथेरेपी और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह जानकारी गुरुवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने दी।

प्रो. विनय कुमार पाठक ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ पुनर्वास केंद्र का भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि केंद्र का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। दो तल वाले इस भवन में अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि पुनर्वास केंद्र और अस्पताल एक ही परिसर में विकसित किए जाएंगे। दोनों संस्थानों तक पहुंचने के लिए जीटी रोड की ओर से सीधा मार्ग बनाया जाएगा, जिससे मरीजों और आम नागरिकों को आने-जाने में सुविधा होगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, हेल्थ साइंसेज के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, डॉ. दिग्विजय शर्मा, डॉ. प्रवीन कटियार, डॉ. प्रवीन भाई पटेल, डॉ. विवेक सिंह सचान समेत हेल्थ साइंसेज विभाग के शिक्षकगण, सिविल एवं इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story