वन्दन योजना के तहत श्री रामजानकी मंदिर के विकास कार्य का शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
वन्दन योजना के तहत श्री रामजानकी मंदिर के विकास कार्य का शिलान्यास


वन्दन योजना के तहत श्री रामजानकी मंदिर के विकास कार्य का शिलान्यास


जौनपुर,24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के नगर पालिका परिषद स्थित मियापुर के प्राचीन श्री रामजानकी मंदिर में वन्दन योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 34 लाख की लागत से कराए जाने वाले अवस्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से किया। इस अवसर पर उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण भी किया।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण, विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। वन्दन योजना के तहत श्री रामजानकी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक एवं मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और जौनपुर में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आस्था के केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्री रामजानकी मंदिर जौनपुर की जनता की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सरकार इस मंदिर के विकास के लिए स्वीकृत परियोजना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर परिसर का स्वरूप अधिक भव्य एवं आकर्षक होगा। कार्यक्रम का संचालन सभासद नंदलाल यादव ने किया, जबकि अध्यक्षता नगर अध्यक्ष दक्षिणी कमलेश निषाद ने की।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story