दिव्यांग सेवा ईश्वर की सच्ची आराधना : रामनाथ कोविंद

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांग सेवा ईश्वर की सच्ची आराधना : रामनाथ कोविंद


वृंदावन: विशाल निशुल्क शिविर का पूर्व राष्ट्रपति ने किया शुभारंभ

मथुरा, 18 नवम्बर(हि.स.)। नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर और रामनाथ कोविंद फाउंडेशन, दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान तथा सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार दोपहर वृंदावन के रुक्मणि विहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन धाम में एक विशाल निशुल्क दिव्यांग शल्य चिकित्सा जांच, चयन एवं नारायण लिम्ब (कृत्रिम अंग) माप शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के 14वें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पूर्व प्रथम महिला सविता कोविंद ने किया।

शिविर में 150 से अधिक दिव्यांगजनों ने भाग लिया, जहाँ विशेषज्ञों द्वारा 78 दिव्यांगों के कृत्रिम हाथ पैर तथा 48 के केलीपर्स के लिए माप लिए गए, जबकि 10 दिव्यांगों को निशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए चयनित किया गया। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा ईश्वर की सच्ची आराधना है। उन्होंने नारायण सेवा संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान एक बड़ा मंदिर है, जो दिव्यांगों के जीवन में आशा और खुशियों का संचार कर रहा है। कार्यक्रम में रामनाथ कोविंद फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी स्वाति कोविंद, सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन की संरक्षिका गीता देवी अग्रवाल, चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल, ललित अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, संजीव गुप्ता, संरक्षक सत्यभूषण जैन, निदेशक पलक अग्रवाल तथा ट्रस्टी देवेंद्र चौबीसा आदि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजकों ने बताया कि वर्ष 1985 से निरंतर सेवा कार्य कर रहा नारायण सेवा संस्थान अब तक 4,56,097 से अधिक दिव्यांगों की निशुल्क शल्य चिकित्सा और 41,012 से अधिक कृत्रिम अंग उपलब्ध करा चुका है। आगामी 10 जनवरी 2027 को वृंदावन में आयोजित होने वाले फिटमेंट शिविर में कृत्रिम अंग लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिविर का अवलोकन किया, दिव्यांग लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने तथा कृत्रिम अंगों की माप व फिटिंग की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story