जौनपुर जेल में पूर्व सांसद उमाकांत यादव की तबीयत बिगड़ी, सीने में दर्द के बाद BHU रेफर
जौनपुर, (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के जिला कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद उमाकांत यादव की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू रेफर कर दिया।जिला अस्पताल के डॉक्टर रूपेश कुमार के अनुसार, उमाकांत यादव को सीने में तेज दर्द की शिकायत थी। जांच में उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल सामान्य से अधिक पाया गया, जबकि वे पहले से ही इन बीमारियों की दवाएं ले रहे थे। ईसीजी कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू भेजा गया। विदित हो कि उमाकांत यादव वर्ष 1995 में हुए एक चर्चित हत्याकांड में सजा काट रहे हैं। 4 फरवरी 1995 को जौनपुर के शाहगंज रेलवे स्टेशन पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। सूचना पर पहुंचे जीआरपी जवानों से कहासुनी के बाद तत्कालीन विधायक के करीबी राजकुमार द्वारा सिपाही को थप्पड़ मारने से मामला और भड़क गया। पुलिस ने राजकुमार को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद उमाकांत यादव अपने समर्थकों के साथ जीआरपी चौकी पहुंच गए।आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर अंधाधुंध फायरिंग कराई, जिसमें जीआरपी कांस्टेबल अजय सिंह की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले में हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ और जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई।लंबी सुनवाई के बाद 8 अगस्त 2022 को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शरद कुमार त्रिपाठी ने उमाकांत यादव सहित छह आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई और उन पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।पूर्व सांसद उमाकांत यादव का राजनीतिक जीवन लंबा है लेकिन विवादों से घिरा रहा है। उनके खिलाफ हत्या, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बीएचयू में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

