हमीरपुर : सड़क की बदहाली पर पूर्व सांसद ने प्रशासन को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
हमीरपुर : सड़क की बदहाली पर पूर्व सांसद ने प्रशासन को घेरा


कलेक्ट्रेट घेराव के बाद गांव पहुंचे पूर्व सांसद गंगाचरणआंदोलन के दौरान बच्चों से दुर्व्यवहार की निंदा की

हमीरपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के चंदूपुर गांव की बदहाल सड़क को लेकर स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के कलेक्ट्रेट घेराव के बाद बुधवार को सियासत गरमा गई। पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने बुधवार को शाम पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में प्रेसवार्ता कर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आंदोलन के दौरान बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए घटना की निंदा की।

पूर्व सांसद ने कहा कि चंदूपुर सहित आसपास के मजरों और डेरों के ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। बारिश के दिनों में रास्ते में कीचड़ और पानी भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें इसी बदहाल मार्ग से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के सांसद रह चुके हैं, इसलिए ग्रामीणों और बच्चों की समस्या के प्रति उनकी नैतिक जिम्मेदारी भी है। प्रशासन को ऐसे आंदोलनों को संवेदनशीलता के साथ संभालना चाहिए। प्रेसवार्ता के बाद पूर्व सांसद चंदूपुर गांव पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने उन्हें समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि बारिश में मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है और बच्चों को गिरते-पड़ते स्कूल पहुंचना पड़ता है। पूर्व सांसद के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक एकत्र हो गए। अचानक बढ़ी भीड़ से गांव में माहौल गरमा गया और प्रशासनिक अमले में भी हलचल दिखाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story