ट्रक चालक हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिले पूर्व सांसद धनंजय सिंह
जौनपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रामदयालगंज बाजार में 11 सितंबर को तिवारीपुर गांव निवासी विशाल यादव की लोहे की सरिया से हमला कर हत्या के मामले में सोमवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
परिजनों ने पूर्व सांसद को घटना के संबंध में जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। धनंजय सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ हैं और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।मीडिया से बातचीत में पूर्व सांसद ने हत्याकांड के आरोपी की एक विधायक के साथ वायरल हो रही तस्वीर के संबंध में कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ कोई व्यक्ति फोटो खिंचा सकता है और बाद में वह फोटो वायरल भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि केवल फोटो के आधार पर किसी की घटना में संलिप्तता तय नहीं की जा सकती।उन्होंने अपनी एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी उनकी एक तस्वीर को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा किया गया था। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ फोटो होने और किसी अपराध में संलिप्त होने में अंतर है।धनंजय सिंह ने कहा कि आरोपी की घटना में संलिप्तता जांच का विषय है। यदि पीड़ित परिवार लिखित रूप से जांच की मांग करता है तो प्रशासन पूरे मामले की जांच कर सकता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

