चित्रकूट जा रहे पदयात्रियों की पूर्व सांसद ने की सेवा, पेट्रोल पंप पर की रात्रि विश्राम की व्यवस्था
महोबा, 09 सितंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में धर्मनगरी चित्रकूट की पावन यात्रा पर निकले सैकड़ों पदयात्रियों की सेवा की एक अनोखी और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जिसकी चर्चा पूरे बुंदेलखंड में हो रही है। देर रात जब सैकड़ों श्रद्धालु पैदल चलते हुए कबरई पहुँचे, तो पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने मानवता और सनातन सेवा की मिसाल पेश करते हुए श्रद्धालुओं की सेवा की है।
भाद्रपद अमावस्या को लेकर बुंदेलखंड समेत एमपी यूपी से हजारों श्रद्धालुओं के जत्थे अपनी आस्था को लेकर श्रद्धा भाव के साथ भगवान कामतानाथ महाराज जी के पावन दर्शन के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर पैदल तय कर चित्रकूट जा रहे हैं। समाजसेवियों के द्वारा जगह जगह पर स्टॉल लगाकर उनके भोजन प्रसाद और रुकने की व्यवस्था की जा रही है।
मंगलवार की देर रात पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने मानवता दिखाते हुए अपने कार्यालय और कबरई कस्बा स्थित आशीर्वाद पेट्रोल पंप को पदयात्रियों के लिए विश्राम स्थल में बदलवा दिया। सबसे बड़ी बात यह रही कि यात्रियों को वाहनों के शोर-शराबे और भीड़-भाड़ से कोई असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान पेट्रोल पंप पर बिक्री पर ही पूरी रात के लिए रोक लगा दी ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
भारतीय जनता पार्टी से हमीरपुर महोबा के पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल की टीम के सदस्य रोहित सिंह राजावत ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार सभी पदयात्रियों को चंदन का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। सभी श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए विशेष वाटरप्रूफ बैग भेंट किए गए। इन बैगों में रास्ते के लिए शुद्ध जलपान और खाने-पीने की सामग्री की व्यवस्था की गई।
पूर्व सांसद द्वारा व्यापार रोककर धर्म और सेवा को प्राथमिकता देने की इस पहल की पदयात्रियों ने दिल खोलकर सराहना की। मनमोहन, रामकुमार, अनिल, दीनानाथ, रामसहोदर समेत अन्य श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसा सम्मान उन्हें यात्रा में कहीं और नहीं मिला। पूर्व सांसद के इस सेवाभाव की लोगों के द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। श्रद्धालु मनमोहन ने कहा कि पूर्व सांसद ने ये साबित कर दिया कि उनके लिए धर्म और जनता की सेवा ही असली सेवा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

