भाजपा जाति-मजहब से ऊपर उठकर सभी वर्गों के विकास के लिए करती है काम : शरद अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा जाति-मजहब से ऊपर उठकर सभी वर्गों के विकास के लिए करती है काम : शरद अवस्थी


बाराबंकी, 16 अगस्त (हि.स.)। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो जाति, बिरादरी और मजहब से ऊपर उठकर समाज के सभी वर्गों के विकास और हितों के लिए काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। यह बात पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने रविवार को गणेशपुर स्थित होटल नीलकंठ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के तमाम कार्य कराए जा चुके हैं, जबकि कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। बड़ी संख्या में विकास कार्यों को स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिनका निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से लोधेश्वर महादेवा में काशी कॉरिडोर की तर्ज पर करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।

पूर्व विधायक ने वर्ष 2017 से अब तक क्षेत्र में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 14.55 करोड़ रुपये की लागत से सालपुर-मसूरिया पुल, 11 करोड़ से अशोकपुर में राजकीय आइटीआई, 10.26 करोड़ से साधारणपुर में फायर स्टेशन तथा 5.88 करोड़ रुपये की लागत से कल्याणी नदी पर पुल का निर्माण कराया गया है। नामीपुर-सिरौली नाले पर दो करोड़ रुपये की लागत से पुल, मरकामऊ में 63 करोड़ से 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र, छपटी फार्म में 80 लाख से किसान सेवा केंद्र और पारिजात धाम में 1.43 करोड़ रुपये की लागत से कॉमन सर्विस सेंटर का निर्माण हुआ है।

उन्होंने बताया कि रानी बाजार से भयारा मार्ग के चौड़ीकरण पर 26 करोड़ रुपये तथा तिलोकपुर में पुल निर्माण पर 88 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों का निर्माण भी प्रगति पर है।

शरद अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बुढ़वल चीनी मिल, वृहद गौशाला, राष्ट्रीय पशु चिकित्सा केंद्र, महादेवा में तहसील स्तरीय खेल मैदान, हेतमापुर में घाघरा नदी पर पुल, कोटवा धाम से महादेवा होते हुए सूरतगंज तक फोरलेन सड़क, राजकीय डिग्री कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय तथा सूरतगंज में कस्तूरबा गांधी विद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। स्वीकृति मिलते ही इन कार्यों को शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में भाजपा का सांसद और विधायक नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनता को इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्हाेंने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी वह लगातार जनता के सुख-दुख में साथ रहे हैं और आगे भी क्षेत्रवासियों की सेवा करते रहेंगे।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामनगर विनय कुमार मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सूरतगंज सुशील कुमार वर्मा, भाजपा नेता एवं बीडीसी प्रवेश शुक्ला, नानमून, राजेश अवस्थी, युवा नेता सौरभ अवस्थी, मोहित अवस्थी, रवि शर्मा, दीपक मिश्रा, रवि मिश्रा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story