पूर्व मंत्री अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ को नम आंखों से अंतिम विदाई, कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मंत्री अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ को नम आंखों से अंतिम विदाई, कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


जौनपुर,22 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में यूपी प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ के निधन पर पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को उनके पैतृक आवास रामनगर कोट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मौके पर पहुंच कर उनकी आत्मा की शांति ले लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को ढांढस बधाया और कहा कि कांग्रेस ने अपना एक बेहतरीन सिपाही खोया है जिसकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती है। हम लोग इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हैं।इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, शहर अध्यक्ष आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का तिरंगा चढ़ाकर अंतिम विदाई दी। शोकसभा में नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें पार्टी का सच्चा सिपाही बताया।जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ का पूरा जीवन कांग्रेस को मजबूत करने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने छात्र राजनीति और यूथ कांग्रेस से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और अपने समर्पण व संघर्ष के बल पर प्रदेश स्तर तक पहचान बनाई। उन्होंने रारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहते हुए जनता की सेवा की और उत्तर प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।उन्होंने यह भी बताया कि यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहने के बाद वर्ष 2003 में वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बने और संगठन को मजबूती प्रदान की।शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि पार्टी ने एक बेबाक और स्पष्टवादी नेता खो दिया है। उनका जीवन महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर आधारित था और वे हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने वाले नेता रहे।प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अरुण कुमार सिंह के निधन से कांग्रेस ने एक मजबूत स्तंभ खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनका व्यक्तित्व बहुआयामी था और वे हमेशा कार्यकर्ताओं व जरूरतमंदों के लिए तत्पर रहते थे।इस अवसर पर सेवादल के मुख्य जिला संगठक आरिफ सलमानी, जिला उपाध्यक्ष शेर बहादुर सिंह, इरशाद खान, जब्बार अली सलमानी, महिला अध्यक्ष रेखा सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमारी मिश्रा,, घनश्याम मिश्रा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story