फर्रुखाबाद वन विभाग ने पकड़ा विशालकाय अजगर

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद वन विभाग ने पकड़ा विशालकाय अजगर


फर्रुखाबाद, 01 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की शमसाबाद क्षेत्र में माेहल्ला सिकंदरपुर महमूद से सटे एक खेत में काम कर रहे किसान ने मंगलवार काे झाड़ियाें में एक अजगर काे देखा। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम माैके पर पहुंचकर अजगर काे पकड़ लिया।

मामले की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य कुंवरजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने स्थिति को देखते हुए तत्काल वन विभाग की टीम को सूचना दी। कुछ समय बाद वन विभाग के कर्मचारी सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम को देखते ही ग्रामीणों की भीड़ और बढ़ गई।

वन विभाग की टीम ने काफी सावधानी के साथ अजगर को पकड़ने का अभियान शुरू किया। झाड़ियों और खेत के बीच मौजूद अजगर को पकड़ना आसान नहीं था। टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में ले लिया। अजगर को कब्जे में लेने के बाद वन विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन दरोगा केपी सिंह ने बताया कि इस अजगर का वजन लगभग 20 किलो होगा। इसे गांव से दूर जंगलों में छोड़ दिया जाएगा।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story