जयंतीपुर में तख्त पर मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान से मची सनसनी
गोरखपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। बांसगांव थाना क्षेत्र के कौड़ीराम चौकी अंतर्गत जयंतीपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के अंदर तख्त पर पड़ा मिला। युवक के सिर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान शुभम मिश्रा उर्फ कार्तिकेय मिश्रा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक का परिवार लखनऊ में रहता है। गांव में खेती-बारी होने के कारण शुभम गांव में अकेले रह रहा था। उसके चाचा समेत परिवार के अन्य लोग भी गांव में रहते हैं।
मौत की वजह अभी रहस्य
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न पहलुओं से जांच की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वॉड की मदद से भी सुराग तलाशे गए। हालांकि, प्रारंभिक जांच में युवक की मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। सिर पर चोट के निशान मिलने से मामला गंभीर माना जा रहा है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बांसगांव में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। परिजनों ने अपनी तहरीर में किसी व्यक्ति पर घटना को लेकर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है। इसके चलते अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस ने आठ टीमों को लगाया है। ये टीमें घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की आठ टीमें जांच में लगाई गई हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के माध्यम से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का अनावरण किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

