सीएसजेएमयू ने डीएवी को 4-0 से हराकर फुटबॉल खिताब जीता

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू ने डीएवी को 4-0 से हराकर फुटबॉल खिताब जीता


कानपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पुरुष फुटबॉल टीम ने अंतर-महाविद्यालयीय प्रतियोगिता के फाइनल में डीएवी कॉलेज को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। विश्वविद्यालय की टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और चार गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने का माध्यम हैं।

विश्वविद्यालय के पुरुष एवं महिला वर्ग की अंतर-महाविद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में डीएवी कॉलेज ने जागरण कॉलेज को कड़े मुकाबले के बाद पेनल्टी शूटआउट में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, विश्वविद्यालय की टीम ने भी अपने प्रदर्शन के दम पर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

फाइनल में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। बेहतर तालमेल और शानदार खेल कौशल के दम पर टीम ने डीएवी कॉलेज को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। चार गोल की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

महिला वर्ग की प्रतियोगिता में भी विभिन्न महाविद्यालयों की खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ फुटबॉल के प्रति रुचि विकसित करना रहा। आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story