2027 की जीत के लिए बूथ स्तर पर अभेद्य रणनीति जरूरी : धर्मपाल सिंह

WhatsApp Channel Join Now
2027 की जीत के लिए बूथ स्तर पर अभेद्य रणनीति जरूरी : धर्मपाल सिंह


कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। 2027 में अभूतपूर्व विजय के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर अभेद्य व्यूह रचना तैयार करनी होगी। पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी के बल पर हर चुनौती का सामना किया जाएगा। कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी भूमिका सबसे अहम है। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी। यह बातें बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कही।

समीक्षा बैठक में धर्मपाल सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता का आधार उसके कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर मजबूत और प्रभावी रणनीति तैयार की जाए, जिससे संगठन की जमीनी पकड़ और मजबूत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के भ्रम और षड्यंत्रों का जवाब संगठन की एकजुटता और सशक्त तैयारी से दिया जाएगा।

'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्गों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन मिल सके।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि छह अप्रैल को स्थापना दिवस प्रत्येक बूथ पर उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story