2200 किलो दुर्गंधयुक्त खोया नष्ट, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए तीन नमूने
कानपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भौती मोड़ पर दो वाहनों से करीब 2200 किलोग्राम संदिग्ध खोया पकड़ा गया। जांच के दौरान खोये में दुर्गंध और संदूषण के लक्षण मिलने पर विभागीय टीम ने तीन नमूने संग्रहित किए और शेष खोया कल्याणपुर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में नष्ट करा दिया।
पहली कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भौती मोड़ पर महिंद्रा पिकअप (यूपी 75 सीटी 0633) को रोककर जांच की। वाहन में 29 बोरियों में करीब 1150 किलोग्राम खोया मिला। इसकी अनुमानित कीमत चार लाख छह हजार रुपये बताई गई। मौके पर मिले आनंद पुत्र मान सिंह और कप्तान सिंह ने बताया कि खोया फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित नगला मानसुख से लाया जा रहा था। खोया गंदी बोरियों में खुले वाहन से परिवहन किया जा रहा था। जांच में उसमें दुर्गंध भी मिली। टीम ने दो नमूने लेकर शेष खोया नष्ट करा दिया।
दूसरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद ने एक छोटे मालवाहक वाहन से करीब 1050 किलोग्राम खोया पकड़ा। इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख 67 हजार रुपये थी। मौके पर मिले धर्मेंद्र कुमार निवासी बिरारी, इटावा ने बताया कि खोया वीरेंद्र पुत्र दुर्जन लाल का है और कानपुर में बिक्री के लिए लाया जा रहा था। बिना तापमान नियंत्रण के अस्वच्छ परिस्थितियों में परिवहन किए जाने के कारण खोये में दुर्गंध पाई गई। टीम ने एक नमूना संग्रहित कर शेष खोया नष्ट करा दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

