देवरिया : आटा मिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, तीन नमूने जांच को भेजे
देवरिया, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को दो आटा मिलों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने आटा, मैदा और सूजी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही लेबलिंग संबंधी अनियमितताएं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस भी जारी किया गया।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान पहाड़पुर स्थित श्री गणपति रोलर फ्लोर मिल और पुरवा स्थित प्रकाश ट्रेडर्स फ्लोर मिल की जांच की गई। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़ी कमियां पाए जाने पर विभाग ने नियमानुसार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
छापेमारी के दौरान दोनों मिलों से आटा, मैदा और सूजी के कुल तीन नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता और मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में ऐसे निरीक्षण और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

