त्योहार से पहले कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 10 क्विंटल खराब मिठाई और 270 किलो खोया कराया नष्ट
कानपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली और भाई दूज पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखाेराें के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में टीम ने शनिवार को तीन स्थानों पर छापेमारी के दौरान करीब 10 क्विंटल खराब रंगीन मिठाई और 270 किलो अस्वच्छ खोया मिला है। टीम ने पूरी खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करा दी। साथ ही एक मिष्ठान निर्माणशाला में मिठाई बनाने का काम बंद कराकर उसका पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की जा रही है।
स्वर्ण जयंती विहार स्थित मिष्ठान निर्माणशाला में निरीक्षण के दौरान करीब 10 क्विंटल खराब रंगीन मिठाई मिली। इसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई। टीम ने मिठाई नष्ट कराने के साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। प्रतिष्ठान का पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की जा रही है। मौके से दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद की टीम ने घंटाघर के पास एक चारपहिया वाहन की जांच की। इसमें औरैया से लाया गया करीब 240 किलो खोया मिला। लगभग 84 हजार रुपये कीमत का खोया गंदे कपड़ों में रखा गया था। टीम ने इसे बिक्री और मानव उपभोग के लिए प्रतिबंधित कर नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करा दिया।
इसी क्रम में पनकी स्थित रामनरेश कैटरर्स के प्रतिष्ठान पर करीब 30 किलो खोया अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित मिला। इसकी कीमत 11,400 रुपये बताई गई। टीम ने खोये का नमूना लेकर बाकी सामग्री नष्ट करा दी। तीनों स्थानों पर नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री की कुल कीमत करीब 2.95 लाख रुपये है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

