रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान, बर्फी नष्ट, 103 किलो सरसों का तेल सीज

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान, बर्फी नष्ट, 103 किलो सरसों का तेल सीज


बांदा, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को खाद्य सचल दल ने शहर में कई मिठाई की दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और भंडारण केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 20 किलो डोडा बर्फी को प्रथम दृष्टया मानक के अनुरूप न पाए जाने पर मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि 103 किलो खुला सरसों तेल जब्त कर सीज कर दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय बांदा के नेतृत्व में टीम ने अशोक लाट तिराहा और कचहरी के आसपास खाद्य पदार्थों की बिक्री कर रहे पिकअप वाहन की जांच की। वाहन में मौजूद व्यक्ति ने बताया कि मिठाइयां अतर्रा के आजाद नगर स्थित महोतरा रोड के एक प्रतिष्ठान से लाई गई हैं। जांच के दौरान प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई पंजीकरण भी प्रस्तुत किया गया। टीम को डोडा बर्फी की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद करीब 20 किलो बर्फी नष्ट करा दी गई। वहीं, डोडा बर्फी और दूध बर्फी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।

अवंती नगर स्थित आरोहना एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के भंडार गृह का निरीक्षण करने पहुंची टीम ने खुले सरसों तेल का नमूना लिया। सात टीन में रखा करीब 103 किलो तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 18,540 रुपये बताई गई, को सीज कर दिया गया। जब्त तेल को भंडार गृह के मैनेजर शिवप्रकाश पाण्डेय की सुपुर्दगी में रखा गया। इसके अलावा बाबूलाल चौराहा स्थित गुप्ता स्वीट भंडार और चौरसिया मिष्ठान भंडार के निर्माण स्थलों की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार दोनों स्थानों पर मिठाइयों के रखरखाव और गुणवत्ता की स्थिति प्रथम दृष्टया संतोषजनक मिली। कचहरी तिराहा और सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित बासू स्वीट हाउस, बोडेराम हलवाई एंड संस तथा लक्ष्मी स्वीट हाउस के निर्माण एवं भंडारण परिसरों का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं।

विभाग ने 25 अगस्त को कैथी बाजार स्थित खोया मंडी से जब्त किए गए करीब 20 किलो खोये को भी नष्ट करा दिया। विभाग के मुताबिक, खोया कार्यालय में सुरक्षित रखा था, लेकिन उसे लेने के लिए कोई व्यापारी नहीं पहुंचा। इसके बाद नियमानुसार उसे नष्ट कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को मिलावट रहित खाद्य पदार्थों की बिक्री करने तथा निर्माण और भंडारण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

--------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story