एक्सपायर्ड टॉफियां कूड़े में फेंकने वाली फर्म के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई, सील
कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को सील कर दिया। मंगलवार को सार्वजनिक स्थान पर एक्सपायर्ड टॉफियां फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू की।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को जांच के लिए भेजा गया था। मौके पर मिले टॉफियों के रैपर और मूल पैकेट की पड़ताल की गई। जांच में उत्पाद का संबंध सुधा सेल्स से सामने आया। इसके बाद टीम ने इस्पात नगर स्थित फर्म पहुंचकर जांच की। इस दौरान संचालक मौके पर नहीं मिला। विभाग को जानकारी दी गई कि वह शहर से बाहर है। इसके बाद प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि संचालक को वापस लौटने के बाद विभाग से संपर्क करने और प्रतिष्ठान का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय निरीक्षण पूरा होने के बाद ही फर्म में दोबारा कारोबार शुरू किया जा सकेगा। सील प्रतिष्ठान से छेड़छाड़ किए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग वायरल वीडियो और मौके से मिले उत्पाद से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

