होली काे लेकर खाद्य सुरक्षा टीम ने खोया मंडी में मारा छापा, 45 किलो मिलावटी खोया किया गया नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
होली काे लेकर खाद्य सुरक्षा टीम ने खोया मंडी में मारा छापा, 45 किलो मिलावटी खोया किया गया नष्ट


फर्रुखाबाद ,21 फरवरी (हि.स.)। होली पर्व के मदृेनजर जनपद में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट खोरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 45 किलोग्राम खराब और संदिग्ध खोया नष्ट कराया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 11 हजार 700 रुपये है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने चौक स्थित प्रसिद्ध खोया मंडी में अचानक छापा मारा। टीम ने वहां खोया आढ़त करने वाले विनोद कुमार गुप्ता और खोया विक्रेता प्रमोद कुमार से खोया के नमूने एकत्र किए, जो आगे जांच के लिए लैब में भेजे।

छापेमारी के दौरान कुछ अन्य खाद्य कारोबारियों ने विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही लगभग 45 किलोग्राम खोया जमीन पर फेंककर मौके से फरार होने की कोशिश की। टीम ने जनहित में इस खराब और मिलावट युक्त खोये को तुरंत उपयुक्त स्थान पर गड्ढा खोदकर दबा दिया और पूरी तरह नष्ट कर दिया। विभाग का मानना है कि यह खोया मिलावटी या खराब गुणवत्ता वाला था, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता था।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय और एफएसए आई प्रमाणित विक्रेताओं से ही खोया, मावा या मिठाइयां खरीदें। त्योहार के दौरान स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शुद्ध उत्पादों का ही उपयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story