शिलापट्टों को तैयार करने के दौरान शासनादेश का गंभीरता पूर्वक पालन करें : अश्विनी त्यागी

WhatsApp Channel Join Now
शिलापट्टों को तैयार करने के दौरान शासनादेश का गंभीरता पूर्वक पालन करें : अश्विनी त्यागी


मुरादाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति के सभापति अश्विनी त्यागी ने सर्किट हाउस के सभागार में जनपद मुरादाबाद और रामपुर के अधिकारियों के साथ समिति के निर्धारित विषयों पर विस्तार पूर्वक समीक्षा की। उन्हाेंने कहा कि परियोजनाओं के शिलान्यास सहित विभिन्न अवसरों पर लगाए जाने वाले शिलापट्टों को तैयार करने के दौरान शासनादेश का गंभीरता पूर्वक पालन किया जाए।

सभापति ने जिले के जनप्रतिनिधियों के स्तर से विभागों को भेजे जाने वाले पत्रों के सापेक्ष की गई कार्यवाही और जन प्रतिनिधियों के पत्रों को सूचीबद्ध करने के संबंध में तैयार पंजिका की स्थिति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। कहा कि विभागों द्वारा विकास कार्यों से सम्बंधित कार्य योजना तैयार करने के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय करके उनसे भी प्रस्ताव प्राप्त करके कार्य योजना में शामिल कराए जाए। जनप्रतिनिधि आमजन की जरूरत और सुविधाओं से भली भांति परिचित होते हैं इसलिए उनसे प्राप्त प्रस्ताव अत्यंत महत्वपूर्ण और जनोपयोगी होते हैं।

बैठक में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के स्थान पर सचिव द्वारा प्रतिभाग किए जाने पर सभापति ने उपाध्यक्ष द्वारा प्रतिभाग न किए जाने के कारणों के बारे में सचिव से जानकारी ली। सचिव एमडीए ने बताया कि उपाध्यक्ष एक दिवस पूर्व लखनऊ में आयोजित शासकीय बैठक में प्रतिभाग करने हेतु गए थे और वर्तमान में वे अवकाश पर हैं।

अधीक्षण अभियंता आवास विकास महेंद्र कुमार से सभापति ने जनपद में जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किए जाने और उनके मोबाइल नंबर होने के बारे में पूछा, जिस पर अधीक्षण अभियंता द्वारा दी गई जानकारी से सभापति संतुष्ट नहीं हुए तथा उन्हें लखनऊ तलब किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समिति को बताया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के दृष्टिकोण से विगत 01 वर्ष में 19 पुलिस चौकियां स्थापित कराई गई हैं। सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को गंभीरता पूर्वक लागू कराया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति, महिला और बेटियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो साथ ही अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर कठोरतम कार्रवाई हो इसको लेकर कानूनी तौर पर गंभीरता पूर्वक कार्य किए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति के सदस्य मानवेंद्र सिंह, सदस्य पवन कुमार सिंह ने विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल एमएलसी भूपेंद्र चौधरी, एमएलसी गोपाल अंजान, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story