जौनपुर में 22 जुलाई से शुरू होगा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान, 5.70 लाख पशुओं को लगेगी वैक्सीन

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) एक विषाणु जनित अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। इस बीमारी के कारण पशुओं में तेज बुखार, चारा छोड़ देना, दूध उत्पादन में कमी या बंद होना, मुंह और खुर में छाले पड़ना तथा लंगड़ापन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।

जिले को इस अभियान के लिए 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई है। जौनपुर में कुल 6,32,664 गोवंश एवं महिषवंशीय पशु हैं, जिनमें 2,95,060 गोवंश तथा 3,37,604 महिषवंशीय पशु शामिल हैं। अभियान जिले की 1,740 ग्राम पंचायतों और करीब 2 लाख पशुपालकों तक पहुंचाया जाएगा। टीकाकरण के लिए जिले के 21 विकास खंडों में 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, पशुचिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी तथा पैरावेट शामिल रहेंगे। वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों पर कोल्ड चेन की समुचित व्यवस्था की गई है। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story