कोटवाधाम में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कृषि मंत्री बलदेव सिंह ने लिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
कोटवाधाम में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कृषि मंत्री बलदेव सिंह ने लिया आशीर्वाद


बाराबंकी 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तहसील सिरौली गौसपुर क्षेत्र की प्रसिद्ध धार्मिक स्थली श्री समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा की बड़ी गद्दी पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बलदेव सिंह आंवला ने बुधवार काे यहां पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

मंत्री ने सबसे पहले मंदिर परिसर में समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा की समाधि पर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे बड़ी गद्दी के पीठाधीश्वर महंत नीलेन्द्र बक्श दास के आवास पहुंचे। यहां आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के साथ पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का 'सतनाम' और समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा का 'सत्यनाम' हमें यही सिखाता है कि जाति, धर्म और भेदभाव को छोड़कर सत्य के मार्ग पर चलो। यही मोक्ष प्राप्ति का सच्चा मार्ग है।

उन्होंने कहा कि सत्यनाम पंथ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी जाति और धर्म के लोग एक साथ बैठकर भजन-कीर्तन करते हैं और मानव सेवा करते हैं। यह पंथ हमें प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देता है। आज समाज को ऐसे ही विचारों की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान किसानों द्वारा खाद की उपलब्धता को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है। रबी और खरीफ दोनों सीजन में सभी किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाएगी। खाद की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महंत नीलेन्द्र बक्श दास ने मंत्री बलदेव सिंह आंवला का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे दिन गद्दी परिसर भजन-कीर्तन और प्रवचनों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरद अवस्थी पूर्व बीडीसी नरेंद्र सिंह टिल्लू समेत दर्जनों संख्या में समाजसेवी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story