बरसात एवं बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हांकन कर शासन को कार्ययोजना प्रस्तुत करें अधिकारी: जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
बरसात एवं बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हांकन कर शासन को कार्ययोजना प्रस्तुत करें अधिकारी: जिलाधिकारी


फर्रुखाबाद, 21 सितंबर (हि.स.)।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बरसात एवं बाढ़ आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सोमवार को आवश्यक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, मण्डी परिषद, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति के संबंध में जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात एवं बाढ़ के पानी के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए। चिन्हित सड़कों की क्षति का आकलन करते हुए उनकी मरम्मत एवं गड्ढामुक्त किए जाने के लिये विभागवार कार्ययोजना तैयार कर शासन को समय से प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि शासन से बजट आवंटित होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ कराते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त सड़कों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन को आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Share this story